एसडीएम अलीशा चौहान की अध्यक्षता में रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक आयोजित 

हिम न्यूज़, करसोग: जिला रेडक्रॉस सोसायटी मंडी, यूनिट करसोग की बैठक बुधवार को एसडीएम कार्यालय में एसडीएम एवं सोसायटी की अध्यक्ष अलीशा चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सोसायटी की गतिविधियों को सुदृढ़ करने, आय के साधन बढ़ाने, सदस्यता विस्तार तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में रेडक्रॉस अनुदान टिकट सरकारी विभागों, पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य संस्थानों के माध्यम से वितरित करने का निर्णय लिया गया। इससे प्राप्त राशि का उपयोग उपमंडल स्तर पर जनकल्याणकारी कार्यों के लिए किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्वैच्छिक अंशदान जुटाने और डिजिटल माध्यम से सहयोग राशि प्राप्त करने के लिए सोसायटी के बैंक खाते का क्यूआर कोड जारी करवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।

 

बैठक में नए सदस्यों को जोड़ने, सदस्यता शुल्क निर्धारित करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायतों में प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा रक्तदान शिविरों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया।

एसडीएम अलीशा चौहान ने सोसायटी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों और पारदर्शिता पर बल दिया। बैठक में आपदा, दुर्घटना एवं बीमारी से प्रभावित जरूरतमंद व्यक्तियों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सहायता प्रदान करने तथा सोसायटी के आय-व्यय और अन्य अभिलेखों को व्यवस्थित रखने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

बैठक में सोसायटी के आजीवन सदस्य मेहर सिंह, मित्र देव, राम सिंह चौहान, जगत राम ठाकुर, बृज लाल वर्मा, भीम सिंह ठाकुर और धना लाल महाजन उपस्थित रहे।