ग्राम पंचायत शोरशन में 105 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 96 के एक्स-रे किए

हिम न्यूज़, करसोग। राज्य सरकार के ‘घर-द्वार स्वास्थ्य सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम पंचायत शोरशन में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 105 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं।

शिविर के दौरान 96 लोगों के एक्स-रे किए गए, जबकि 94 लोगों की बीपी एवं शुगर की जांच की गई। इसके अतिरिक्त, 48 लोगों के एचआईवी तथा 48 लोगों के हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी एवं सिफलिस के परीक्षण किए गए।

खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत शोरशन के प्रधान जगदीश शर्मा तथा स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुराग के चिकित्सक डॉ. अंकेश राणा, सुपरवाइजर मीना जमवाल, रेडियोग्राफर जय सिंह, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक लोभ सिंह ठाकुर, काउंसलर नंदा शर्मा, स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी पूनम ठाकुर तथा आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।