हिम न्यूज़,, शिमला : सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की स्वीकृति से प्रदेश के युवाओं को उच्च चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर
“415 करोड़ रुपये की स्वीकृति से मजबूत होगा चिकित्सा शिक्षा का आधारभूत ढांचा”
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 320 नई पीजी सीटों के साथ 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत करना हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक सुविधाओं, उपकरणों और शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार को गति मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हुए प्रदेश सरकार से इस धनराशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार
“चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल के विद्यार्थियों को मिलेंगे नए अवसर”
राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रदेश में 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की स्वीकृति से एमडी और एमएस करने के इच्छुक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इससे चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और विशेषज्ञ प्रशिक्षण की क्षमता को बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय का लाभ आने वाले वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा।
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज
“पहाड़ी प्रदेश में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल”
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। नई पीजी सीटों से मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री रोग, नेत्र रोग और अन्य विशेषज्ञताओं में प्रशिक्षित चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए धन्यवाद किया।
सांसद कंगना रनौत
“हिमाचल के युवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण निर्णय”
सांसद कंगना रनौत ने कहा कि 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की स्वीकृति हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर लेकर आएगी। विशेष रूप से पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से आम जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा में निवेश प्रदेश के भविष्य में निवेश है।
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन
“केंद्र की स्वीकृत धनराशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करे प्रदेश सरकार”
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा हिमाचल प्रदेश को 320 नई पीजी मेडिकल सीटों तथा 415 करोड़ रुपये की स्वीकृति देना स्वागतयोग्य निर्णय है। अब प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाकर इन सीटों को निर्धारित समय में शुरू करे। उन्होंने कहा कि इस पहल का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब स्वीकृत परियोजनाओं को समय पर धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री नड्डा का आभार व्यक्त किया।