हिम न्यूज़, करसोग। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेरी बंगलो में सात दिवसीय आवासीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का समापन समारोह प्रधानाचार्य यादेश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। 17 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक चले इस शिविर में 52 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। समापन समारोह में सेवानिवृत्त हिंदी प्रवक्ता विद्या वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्वयंसेवियों ने मुख्य अतिथि को सलामी देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विद्या वर्मा ने स्वयंसेवियों को अनुशासन, चरित्र निर्माण, कड़ी मेहनत, समाज सेवा और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि वे समाज सेवा के कार्यों में एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाएं तथा अपने आचरण और कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें। मुख्य अतिथि ने सभी स्वयंसेवियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना तथा उनमें सामाजिक चेतना एवं राष्ट्रहित की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
बौद्धिक सत्रों में विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
शिविर के दौरान आयोजित बौद्धिक सत्रों में एडवोकेट रोहित ठाकुर, भौतिक विज्ञान प्रवक्ता पूर्ण चंद कैथ, हिंदी प्रवक्ता महेंद्र शर्मा, डॉ. अक्षिता ठाकुर, बीडीसी सदस्य एवं एडवोकेट गोपाल कृष्ण शर्मा तथा विद्युत विभाग के एसडीओ कृष्ण शर्मा ने स्वयंसेवियों के साथ अपने अनुभव एवं ज्ञान साझा किए। उन्होंने विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा भविष्य के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक संध्या में रूप सिंह ठाकुर, किरण मेहता, डॉ. परमानंद, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान जगदीश भंडारी, नामेश्वर शर्मा तथा रुद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति प्रेरित किया।
पारंपरिक लोकनृत्यों से सजाई सांस्कृतिक संध्या
समापन समारोह में स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न जिलों के पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान कविता ठाकुर तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान जगदीश भंडारी सहित समिति के सभी सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवी सम्मानित
शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी के रूप में चयनित किया गया। बेस्ट ऑलराउंडर के लिए चेष्टा वर्मा, अनुशासन के लिए मीत कुमार एवं भारती, मेस व्यवस्था के लिए सेजल एवं खेमराज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पुष्पराज, याशीष एवं तनूजा शर्मा, प्रोजेक्ट वर्क के लिए अंकुश, मीनाक्षी एवं नम्रता तथा ड्रिल के लिए लवनीश एवं संध्या को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य डोलमा शर्मा तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजीव कुमार एवं शकुंतला सैनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी भी उपस्थित रहे।