हिम न्यूज़ शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (HPSCSC) की ओर से आज प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1 करोड़ रुपये की धनराशि का चेक भेंट किया गया। यह अंशदान प्रदेश में आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निगम की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री को चेक भेंट करते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री विशाल चम्बियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में निगम जनसेवा के अपने दायित्व को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। मुख्यमंत्री राहत कोष प्रदेश के आपदा प्रभावितों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए सहायता का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। निगम द्वारा दिया गया यह योगदान प्रदेशवासियों के प्रति उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव सुश्री प्रियंका बसु इंग्टी, प्रबंध निदेशक श्री राजेश्वर गोयल, निदेशक मंडल (BOD) की निदेशक श्रीमती नसीमा बेगम, अवर सचिव श्री प्रदीप चौहान, महाप्रबंधक श्री अरविंद शर्मा, वित्तीय सलाहकार श्री अजय महाजन सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये का यह योगदान निगम की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है।
निगम प्रबंधन ने कहा कि प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा, जरूरतमंदों की सहायता तथा संकट की घड़ी में सरकार के साथ मजबूती से खड़ा रहना निगम के प्रमुख सामाजिक दायित्वों में शामिल है। भविष्य में भी निगम जनहित एवं सामाजिक कल्याण के कार्यों में अपना सक्रिय योगदान देता रहेगा।