कटासन माता मंडल में सड़कों की दुर्दशा के खिलाफ सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन

हिम न्यूज़ नाहन। नाहन विधानसभा क्षेत्र के कटासन माता मंडल में रविवार को सड़कों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने माजरा की सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही वर्तमान कांग्रेस सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस के विधायकों, मंत्रियों, मुख्यमंत्री और उनके मित्रों ने जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल अपने हित साधने और अपने लिए सुख-सुविधाएं जुटाने का काम किया है। भाई-भतीजावाद और मित्रवाद को बढ़ावा मिला, जबकि आम जनता को समस्याओं के बीच छोड़ दिया गया।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह तय करना मुश्किल है कि “सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।” बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है तथा अनेक क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय राजमार्गों और फोरलेन परियोजनाओं की स्थिति बेहतर है, लेकिन प्रदेश सरकार के नियंत्रण वाली सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। कई सड़कों पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सड़कों के रखरखाव और मरम्मत जैसी अपनी बुनियादी जिम्मेदारी निभाने में भी विफल रही है।

“बिजली आती कम, जाती ज्यादा और बिल चार गुना”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी तीन मूलभूत आवश्यकताओं की स्थिति कांग्रेस सरकार में बद से बदतर हो गई है। उन्होंने कहा, “बिजली आती कम है, जाती ज्यादा है और बिल चार गुना आ रहे हैं।” पानी की व्यवस्था भी चरमरा रही है और आम जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान हो रही है।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों की हालत खराब है। लोगों को समय पर पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। प्रदेश की जनता त्रस्त है और सरकार अपने मित्रों की सेवा में मस्त है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनहित के अनेक संस्थानों पर ताले लगाने का काम किया और अब विकास कार्य भी ठप पड़े हैं। जनता सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान हो चुकी है तथा प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कटासन माता मंडल में हुआ यह प्रदर्शन केवल एक क्षेत्र की आवाज नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता में व्याप्त आक्रोश का प्रतीक है। प्रदर्शन में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि “तालाबंदी और भ्रष्टाचार की इस सरकार को प्रदेश से रुखसत किया जाएगा।”

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा जनता की सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों के लिए जवाबदेह बनाएगी।