हिम न्यूज़,ऊना– जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के प्रांगण में धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट किया।
77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में रोहित ठाकुर ने स्वाधीनता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाली महान विभूतियों को याद कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल के वीर सपूतों ने आजादी की लड़ाई में अपनी अहम भूमिका निभाई है। हमें इस बात का गर्व है कि देश का पहला परमवीर चक्र हिमाचल के वीर सपूत मेजर सोमनाथ शर्मा को अपने सर्वाेच्च बलिदान के लिए प्राप्त हुआ था।शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में हाल ही में हुई बारिश ने पूरे राज्य में आपदा की स्थिति उत्पन्न कर दी है जिससे प्रदेश को लगभग 8 हज़ार करोड़ रूपये का नुक्सान हुआ है। राज्य सरकार इस आपदा के कारण प्रभावित लोगों को सीमित संसाधनों के बावजूद युद्धस्तर पर राहत मुहैया करवा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग भी वांछित है जिसके लिए मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खु ने केंद्र सरकार से तुरंत 2 हज़ार करोड़ रूपये की अंतरिम राहत की मांग रखी है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश से आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आपदा राहत कोष-2023 बनाया गया है। मुसीबत की इस घड़ी में लोग इस कोष में बढ़-चढ़कर अंशदान कर रहे हैं जो बहुत मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान गम्भीर संकट की स्थिति को देखते हुए सरकार ने राहत के तौर पर दी जाने वाली राशि को कई गुणा बढ़ाया है। पहले पक्के घरों को आंशिक क्षति पर 12 हज़ार 500 रूपये तथा कच्चे मकान को आंशिक नुक्सान होने पर 10 हज़ार रूपये की मदद की जाती थी। लेकिन भारी वर्षा से जिन परिवारों के घर पूर्ण या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें एक-एक लाख रूपये की राहत राशि प्रदान की जा रही है। इसके अलावा दुकानों और ढाबों को नुक्सान पहुंचने पर सामान के एवज़ में 10 हज़ार रूपये की सहायता मिलती थी। लेकिन वर्तमान में दुकानों व ढाबों मालिकों को राज्य सरकार द्वारा एक लाख रूपये की राहत राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि किराएदार के सामान को नुक्सान होने पर पहले 25 हज़ार रूपये की मदद का प्रवाधान था। लेकिन अब आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को 50 हज़ार रूपये की राशि प्रदान की जा रही है। रोहित ठाकुर ने बताया कि कृषि और बागवानी योग्य भूमि में बाढ़ से गाद आने पर पहले लगभग 1400 रूपये प्रति बीघा मुआवज़ा दिया जाता था। लेकिन वर्तमान में ऐसी भूमि के लिए 5 हज़ार रूपये प्रति बीघा की दर से राहत राशि प्रदान की जा रही है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा व स्वास्थ्य सहित सरकार के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए कृत संकल्प है तथा प्रदेश सरकार ने हाल ही में शिक्षा विभाग में 6 हज़ार पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की है। इस कड़ी में शीघ्र ही अन्य विभागों मे रिक्त पड़े महत्वपूर्ण पदों को भरने की प्रक्रिया को आरंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की तरक्की में जिला ऊना का भी विशेष योगदान है। ऊना जिला से आरंभ हुई सहकारिता की मुहिम को पूरे देश ने अपनाया गया है। इसके अलावा औद्योगिकरण तथा खाद्यय उत्पादन के क्षेत्र में भी जिला ऊना की प्रदेश व देश में विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि जिला में स्थापित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क से तरक्की के नए आयाम स्थापित होंगे तथा जिला व प्रदेश के अनेक लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर हासिल होंगे।इस मौके पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने एमसी पार्क में बने शहीद स्मारक पर पुष्पांजली अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
