भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह 8 और 9 मई को हिमाचल दौरे पर रहेंगे

हिम न्यूज़ शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह 8 एवं 9 मई 2026 को हिमाचल प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। उनका यह दौरा प्रदेश में चल रहे नगर निगम एवं पंचायतीराज चुनावों के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रवास के दौरान वे मंडी जिला में विभिन्न संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सौदान सिंह 8 मई को सायं 4 बजे चंडीगढ़ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होंगे और रात्रि लगभग 7:15 बजे मंडी पहुंचेंगे। मंडी प्रवास के दौरान उनका रात्रि विश्राम एचपीपीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस में रहेगा।

9 मई को सौदान सिंह मंडी जिला में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों, संगठनात्मक बैठकों एवं चुनावी गतिविधियों में भाग लेंगे। इस दौरान वे नगर निगम एवं पंचायतीराज चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। शाम को वे सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।

भाजपा सूत्रों के अनुसार सौदान सिंह का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इससे चुनावी माहौल में पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा एवं दिशा मिलेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके प्रवास को लेकर उत्साह का वातावरण है।