-
भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा होंगे मुख्य अतिथि, मानव श्रृंखला बनाकर दिया जाएगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हिम न्यूज़ शिमला। राष्ट्रीय मानव कल्याण परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को समर्पित “क्लीन हिल्स, ग्रीन हिल्स” अभियान के अंतर्गत 23 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे रोटरी क्लब शिमला में एक दिवसीय पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम एवं विशाल मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन) का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा देना तथा हिमालयी क्षेत्रों और पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखने के प्रति जन-जागरूकता पैदा करना है। राष्ट्रीय मानव कल्याण परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक संगठन, पर्यावरण प्रेमी, विद्यार्थी, युवा तथा जागरूक नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे और मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छ एवं हरित हिमाचल का संदेश देंगे।
आयोजकों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच ऐसे जन-जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र, प्रशंसा प्रमाण पत्र तथा आधिकारिक कार्यक्रम टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय मानव कल्याण परिषद ने सभी पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों से इस ऐतिहासिक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वच्छ व हरित पहाड़ों के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया है।