पांवटा साहिब में विकसित भारत युवा संवाद के दौरान 200 युवाओं ने लिया लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संकल्प

हिम न्यूज़ पांवटा साहिब (सिरमौर)। मेरा युवा भारत, सिरमौर द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आज ग्लोबल अकादमी पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करना रहा।

देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप तथा पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर युवा आइकन कनिष्क शर्मा तथा राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स आइकन ललिता ठाकुर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों के बीच रोचक एवं संवादात्मक चर्चा हुई। युवाओं ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवा पीढ़ी की भूमिका, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए संदेश, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जिम्मेदार भागीदारी तथा राजनीति को करियर के रूप में अपनाने की संभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल उठाए।

जनप्रतिनिधियों ने युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक कर्तव्यों और सार्वजनिक नेतृत्व के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी ललिता ठाकुर तथा युवा आइकन  कनिष्क शर्मा की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष आयाम प्रदान किया। उन्होंने युवाओं की आकांक्षाओं, नेतृत्व क्षमता, खेल भावना तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने और देश के विकास को नई दिशा देने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने, जागरूक नागरिक बनने तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जागरूक एवं सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। विकसित भारत युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना है, ताकि वे देश की विकास यात्रा के केवल सहभागी ही नहीं, बल्कि उसके सक्रिय भागीदार भी बन सकें। यह पहल युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रखते हुए युवाओं के विचारों, आकांक्षाओं और ऊर्जा को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है।