हिम न्यूज़, पांवटा साहिब (सिरमौर)। भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई में चल रही भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस भर्ती में बड़े पैमाने पर धांधली और युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।
बलदेव तोमर ने कहा कि जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी, जिसके लिए क्षेत्र के 800 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने आवेदन किया था। लेकिन विभाग द्वारा मात्र 140 उम्मीदवारों को ही साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया है, जिससे 700 से अधिक युवा इस प्रक्रिया से वंचित रह गए हैं। यह सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि यह और भी हैरान करने वाला है कि करवा चौथ के दिन पूरे हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया गया था, बावजूद इसके जल शक्ति विभाग ने छुट्टी के दिन भी युवाओं को इंटरव्यू के लिए बुला लिया। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजमी है।
*फर्जी मार्कशीट का गंभीर आरोप*
बलदेव तोमर ने सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जल शक्ति विभाग में हो रही इन भर्तियों में कांग्रेस के एक नेता के निजी स्कूल की फर्जी मार्कशीट का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है और जिन युवाओं ने दिन-रात मेहनत कर इस भर्ती की तैयारी की है, उनके साथ यह बहुत बड़ा धोखा है।
*विजिलेंस जांच की मांग, घेराव की चेतावनी*
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले में विजिलेंस की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता जल शक्ति विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे।
बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद इस भर्ती घोटाले की पूरी जांच कराई जाएगी और इस फर्जीवाड़े को जनता के सामने लाया जाएगा। इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितने भी बड़े पद पर क्यों न हो।