प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासकीय सेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रस्ताव पारित करेगी भाजपा, हिमाचल से रणधीर शर्मा और कर्ण नंदा के नाम प्रेषित

हिम न्यूज़ शिमला। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासकीय सेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पारित किए जाने वाले प्रस्ताव के लिए भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की ओर से विधायक एवं मीडिया विभाग प्रभारी रणधीर शर्मा और प्रदेश संयोजक, मीडिया विभाग कर्ण नंदा के नाम प्रेषित किए गए हैं।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को पत्र भेजकर हिमाचल प्रदेश की ओर से दोनों नाम प्रस्तावित किए हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में शासन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा उनके शासकीय सेवा काल से जुड़े विषयों पर प्रस्ताव पारित किया जाना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा की ओर से इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए रणधीर शर्मा और कर्ण नंदा के नाम राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजे गए हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण पर केंद्रित रहा है। उनके 25 वर्षों के शासकीय सेवा काल के अवसर पर भाजपा हिमाचल प्रदेश भी सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के शासकीय सेवा काल से जुड़े कार्यक्रमों को प्रदेशभर में सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाएगा।