शिमला-धर्मशाला हवाई सेवा सोमवार से होगी शुरू

हिम न्यूज़ शिमला। हिमाचल प्रदेश में बेहतर हवाई सम्पर्क सुविधा और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस दिशा में एलाइंस एयर एविएशन लिमिटेड द्वारा दिल्ली-शिमला-दिल्ली हवाई सेवा 10 मई 2026 से पुनः बहाल की जा रही हैं। यह उड़ानें सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएंगी।

 

सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को फ्लाइट दिल्ली से सुबह 7ः20 बजे रवाना होकर शिमला सुबह 8ः35 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी की हवाई सेवा शिमला से सुबह 11ः30 बजे उड़ान दिल्ली दोपहर 12ः40 बजे पहुंचेगी। शनिवार को उड़ान दिल्ली से सुबह 7ः50 बजे रवाना होकर सुबह 9ः05 बजे शिमला पहुंचेगी, जबकि वापसी की फ्लाइट शिमला से दोपहर 12ः00 बजे रवाना होकर दोपहर 1ः10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

रविवार को फ्लाइट दिल्ली से सुबह 6ः20 बजे रवाना होकर सुबह 7ः35 बजे शिमला पहुंचेगी, जबकि वापसी की फ्लाइट शिमला से सुबह 8ः00 बजे रवाना होकर सुबह 9ः10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त, शिमला-धर्मशाला-शिमला हवाई सेवा 11 मई, 2026 से शुरू होगी, जो सप्ताह में पांच दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित की जाएगी।

सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को उड़ान शिमला से सुबह 9ः00 बजे रवाना होकर धर्मशाला सुबह 9ः50 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी की उड़ान धर्मशाला से सुबह 10ः15 बजे रवाना होकर  सुबह 11ः05 बजे शिमला पहुंचेगी। शनिवार को उड़ान शिमला से सुबह 9ः30 बजे रवाना होकर सुबह 10ः20 बजे धर्मशाला पहुंचेगी, जबकि वापसी उड़ान धर्मशाला से सुबह 10ः45 बजे रवाना होकर  सुबह 11ः35 बजे शिमला पहुंचेगी।

इन उड़ान सेवाओं के शुरू होने से राज्य में हवाई सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की सम्भावना है। इससे हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय संपर्क सुविधा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हवाई संपर्क सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से राज्य में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। ये नई हवाई सेवाएं स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी तथा राज्य की आर्थिक वृद्धि और पर्यटन क्षमता को नई गति देंगी।