हिमाचल में फिर बनेगी डबल इंजन सरकार: सौदान सिंह

हिम न्यूज़,मंडी:भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है और यही समर्पण भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा एक बार नहीं, बल्कि बार-बार मजबूत “डबल इंजन सरकार” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। “भाजपा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति है और कार्यकर्ताओं के बल पर ही यह शक्ति निरंतर बढ़ रही है,” उन्होंने कहा।

सौदान सिंह ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली स्पष्ट है—“हर कार्यकर्ता को काम और हर काम पर एक कार्यकर्ता” की नीति के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता पूरी तरह त्रस्त है, जबकि कांग्रेस सरकार मस्त है और जनता की समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पंचायत राज चुनावों से लेकर विधानसभा चुनावों तक भाजपा कांग्रेस को हर स्तर पर चुनौती देगी और उसे पूरी तरह पराजित करेगी।

“देश, प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ—हर स्तर पर भाजपा संगठित और सशक्त है, और कांग्रेस को हर मोर्चे पर करारा जवाब देने के लिए तैयार है,” उन्होंने कहा।

अंत में सौदान सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी असली ताकत है और इसी के बल पर पार्टी हिमाचल में फिर से मजबूत सरकार बनाकर विकास और सुशासन की दिशा में प्रदेश को आगे ले जाएगी।